रविवार, 25 अक्तूबर 2015

अंजाम ख़ुशी का दुनिया में सच कहते - शहबाज़

अंजाम ख़ुशी का दुनिया में सच कहते हो ग़म होता है
 साबित है गुल और शबनम से जो हँसता है वो रोता है|

 हम शौक़ का नामा लिखते हैं के सब्र ऐ दिल क्यूँ रोता है
 ये क्या तरकीब है ऐ ज़ालिम हम लिखते हैं तू धोता है|

 है दिल इक मर्द-ए-आख़िर-बीं अपने आमाल पर रोता है
 गर डूब के देखो अश्क नहीं मोती से कुछ ये पिरोता है|

 घर इस से इश्क़ का बनता है दिल सख़्ती से क्यूँ घबराए
 शीरीं ये महल उठवाती है फ़रहाद ये पत्थर ढोता है|

 ठुकरा कर नाश हर ईसा कहता है नाज़ से हो बरहम
 उठ जल्द खड़े हैं देर से हम किन नींदों ग़ाफ़िल होता है|

 हम रो-रो अश्क बहाते हैं वो तूफ़ाँ बैठे उठाते हैं
 यूँ हँस हँस कर फ़रमाते हैं क्यूँ मर्द का नाम डुबोता है|

 क्या संग-दिली है उल्फ़त में हम जिस की जान से जाते हैं
 अनजान वो बन कर कहता है क्यूँ जान ये अपनी खोता है|

 ले दे के सारे आलम में हम-दर्द जो पूछो इक दिल है
 मैं दिल के हाल पे रोता हूँ दिल मेरे हाल पे रोता है|

 दुख दर्द ने ऐसा ज़ार किया इक गाम भी चलना दूभर है
 चलिए तो जिस्म-ए-ज़ार अपना ख़ुद राह में काँटे बोता है|

 वो उमंग कहाँ वो शबाब कहाँ हुए दोनों नज़्र-ए-इश्क़-मिज़ा
 पूछो मत आलम दिल का मेरे नश्तर सा कोई चुभोता है|

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें